हरिद्वार

कुंभ 2027 की तैयारियां तेज, 709 करोड़ की 126 योजनाओं पर काम

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए हरिद्वार में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। चार जिलों में फैले 32 सेक्टरों वाले मेला क्षेत्र में 126 कार्यों के लिए 709.23 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मेला नियंत्रण भवन में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि सभी प्रमुख कार्य निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार चल रहे हैं और समय पर पूरे किए जाएंगे। उन्होंने गुणवत्ता, समयबद्धता, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। कुंभ के लिए सड़क, पुल, घाट, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा और यातायात से जुड़े कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। पांच बड़े पुलों सहित कई महत्वपूर्ण अवस्थापना परियोजनाएं प्रगति पर हैं। मेला क्षेत्र के 32 सेक्टरों में अस्थायी व्यवस्थाओं के लिए ड्रेसिंग और लेवलिंग शुरू हो चुकी है। वर्षाकाल के बाद अस्थायी सड़क, बिजली, पेयजल, प्रकाश और पार्किंग के कार्यों में और तेजी लाई जाएगी। कुंभ को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए ग्रीन कुंभ की अवधारणा पर भी काम हो रहा है। जल संरक्षण, हरित क्षेत्र, ऊर्जा दक्षता, स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन को तैयारियों में प्रमुखता दी गई है। मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ के साथ हरिद्वार की दीर्घकालिक अवस्थापना को मजबूत करना भी प्रशासन का लक्ष्य है।

Related Articles

Back to top button