हरिद्वार

कुंभ-2027 की तैयारियों में तेजी: एनएचएआई, मेला प्रशासन व जिला प्रशासन ने कसी कमर

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और यातायात की दृष्टि से सुगम बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), मेला प्रशासन एवं जिला प्रशासन की एक उच्चस्तरीय बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में कुंभ मेले से पूर्व हरिद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों में संचालित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में एनएचएआई के सदस्य (प्रशासन) विशाल चौहान, मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित एनएचएआई, मेला प्रशासन एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। एनएचएआई के सदस्य (प्रशासन) विशाल चौहान ने सभी परियोजनाओं को तय समय में पूरा कराने का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों और संबंधित कांट्रैक्टर्स को युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत सड़क एवं यातायात परियोजनाओं में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान हरिद्वार क्षेत्र में संचालित सड़क चौड़ीकरण, फ्लाईओवर निर्माण, जंक्शन सुधार, सर्विस लेन विकास और यातायात प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कुंभ मेले में देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। विशेष रूप से हरिद्वार बाईपास और प्रस्तावित रिंग रोड परियोजना की प्रगति पर चर्चा हुई। मेलाधिकारी सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कुंभ क्षेत्र से जुड़े प्रमुख मार्गों पर चल रहे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर देते हुए कहा कि यातायात संचालन को अधिक सुचारु और व्यवस्थित बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में ज्वालापुर, बहादराबाद और मंगलौर क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवरों को जल्द पूरा करने के साथ-साथ सर्विस लेन, सड़क प्रकाश व्यवस्था और ड्रेनेज कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, सड़क सुरक्षा कार्यों, यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में जंक्शन सुधार तथा पार्किंग स्थलों तक पहुंच मार्गों के विकास की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों ने कहा कि मेला क्षेत्र से जुड़े सभी संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाएगा। बैठक में निर्माण कार्यों के दौरान आ रही चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। भूमि उपलब्धता, यातायात डायवर्जन, विद्युत एवं पेयजल लाइनों की शिफ्टिंग, वन विभाग की अनुमतियां, मानसून का प्रभाव तथा घनी आबादी वाले क्षेत्रों में निर्माण कार्य संचालन जैसी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला-2027 के लिए सभी आधारभूत संरचना संबंधी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को सामूहिक रूप से कार्य करना होगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्माण कार्यों में आने वाली स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का सीधा संबंध कुंभ मेला यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से है, उन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button