हरिद्वार

केंद्र में चौबीसों घंटे सेवा, 20 काउंटरों पर हो रहा चारधाम यात्रियों का पंजीकरण

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऋषिकुल मैदान स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र में लगातार पंजीकरण कार्य संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से यहां व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए हरिद्वार पहुंच रहे तीर्थयात्रियों का पंजीकरण ऋषिकुल मैदान में निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धामों में यात्रियों की अत्यधिक भीड़ बढ़ने अथवा सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए ही पंजीकरण केंद्र को अस्थायी रूप से बंद किया जाता है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और यात्रा व्यवस्था सुचारु बनी रहे। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में पंजीकरण केंद्र में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ रूप से की गई हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए यहां 20 पंजीकरण काउंटर स्थापित किए गए हैं। विदेशी श्रद्धालुओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर बनाए गए हैं, वहीं महिला एवं पुरुष यात्रियों के लिए भी पृथक पंजीकरण व्यवस्था की गई है। पंजीकरण केंद्र में पेयजल, बैठने के लिए कुर्सियां, पंखे और कूलर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य परीक्षण स्टॉल भी स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त स्वच्छ शौचालयों की समुचित व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा चारधाम यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button