देहरादून

विदेशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे तीन वरिष्ठ राजनयिकों ने डीजीपी दीपम सेठ से की मुलाकात

राजेश पसरीचा देहरादून प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) देहरादून। मिड-कैरियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (एमसीटीपी-III) के तहत उत्तराखंड भ्रमण पर आए भारत के तीन वरिष्ठ राजनयिकों ने बुधवार को सरदार पटेल भवन में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से शिष्टाचार भेंट की। जाम्बिया में भारत के हाई कमिश्नर आलोक रंजन झा, लिथुआनिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम तथा जमैका में भारत के हाई कमिश्नर मयंक जोशी ने डीजीपी सेठ के साथ उत्तराखंड की सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।

भेंट के दौरान डीजीपी ने राज्य की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच पुलिस द्वारा किए जा रहे आपदा राहत एवं बचाव कार्यों, सीमा सुरक्षा प्रबंधन, वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम, चारधाम एवं कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन तथा कुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने तकनीक आधारित पुलिसिंग, ड्रोन एवं सीसीटीवी से निगरानी, यातायात प्रबंधन, त्वरित आपदा प्रतिक्रिया, साइबर सुरक्षा और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय को प्रभावी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण आधार बताया।

इस दौरान राजनयिकों ने जाम्बिया, लिथुआनिया और जमैका की भौगोलिक, सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं के साथ वहां की सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की। भारत के साथ इन देशों के मैत्रीपूर्ण संबंधों तथा सुरक्षा, तकनीक, आपदा प्रबंधन और बेहतर कार्यप्रणालियों के पारस्परिक आदान-प्रदान की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि इस प्रकार के संवाद से पुलिसिंग और सुरक्षा के क्षेत्र में वैश्विक अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलने के साथ सहयोग की नई संभावनाएं विकसित होंगी।

Related Articles

Back to top button