हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। लक्सर में ट्रक यूनियन को लेकर विवाद सामने आया है। यूनियन के ही एक सदस्य ने यूनियन पदाधिकारियों पर व्यापारियों और बाहरी ट्रक चालकों से अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। वहीं ट्रक यूनियन के पदाधिकारियों ने सभी आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया है।
लक्सर ट्रक यूनियन के सदस्य आवर्त सिंगल ने आरोप लगाते हुए कहा कि यूनियन द्वारा व्यापारियों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उनका कहना है कि बाहर से आने वाले वे ट्रक, जो शुगर मिल से चीनी लोड करने पहुंचते हैं, उनसे यूनियन के नाम पर 500 से 1000 रुपये तक की रसीद काटी जाती है। आवर्त सिंगला का आरोप है कि यह वसूली नियमों के विपरीत है और इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी की है।
आवर्त सिंगल ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस कथित वसूली का विरोध किया तो यूनियन से जुड़े कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं ट्रक यूनियन के अध्यक्ष अरुण चौधरी और कोषाध्यक्ष अमरीश गर्ग ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि यूनियन की ओर से जो भी शुल्क लिया जाता है, वह यूनियन के संचालन और उससे जुड़े कार्यों के लिए निर्धारित नियमों के तहत लिया जाता है। उन्होंने कहा कि अवैध वसूली और मारपीट के आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
फिलहाल ट्रक यूनियन के सदस्य और पदाधिकारियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और शिकायतों की जांच के बाद क्या तथ्य सामने आते हैं।









