हरिद्वार

उत्तराखंड जनपद चमोली श्री हेमकुंड साहिब चौकी प्रभारी को मिला मैन ऑफ द मंथ जुलाई 2026 सम्मान

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) देहरादून। उत्तराखंड पुलिस द्वारा समस्त जनपदों में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हर महीने की बैठक में उच्च अधिकारियों द्वारा मैन ऑफ द मंथ नामित कर सम्मानित किया जाता है। जिस क्रम में जनपद चमोली श्री हेमकुंड साहिब चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अमनदीप सिंह को जुलाई माह में सपन्न हुई बैठक में सराहनीय कार्य करने पर मैन ऑफ द मंथ जुलाई 2026 से नवाजा गया है। आपको बता दें कि विगत दिनों श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा करने आये निहंग श्रद्धालुओं एवं स्थानीय व्यापारियों के बीच कहासुनी से बड़ा विवाद उत्पन्न हो गया था। जिसके बाद श्री हेमकुंड साहिब यात्रा को सुरक्षित एवं सकुशल बनाने हेतु एवं श्रद्धालुओं की निरंतर आवाजाही को ध्यान में रखते हुए उप निरीक्षक अमनदीप सिंह द्वारा उच्च अधिकारियों के निर्देशन में अपनी पूर्ण जिम्मेदारी से ड्यूटी पर तैनात रहते हुए व्यवस्थाओं को संभाला गया। वहीं चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान उपजे विवाद में यात्रा मार्ग पर मुख्य पड़ाव घांघरिया में श्रद्धालुओं की निरंतर आवाजाही एवं सम्भावित संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए घांघरिया में ठहरे हुए एवं आवागमन कर रहे सिख श्रद्धालुओं, विभिन्न निहंग जत्थों, पंजाब एवं अन्य राज्यों से आए हुए श्रद्धालुओं के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय व्यापारियों से लगातार संवाद स्थापित किया गया।
वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से आपसी विश्वास एवं समन्वय बनाए रखने व सभी पक्षों संयम,भाईचारे एवं देशभर में शांति बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया गया। इसके साथ ही उप निरीक्षक अमनदीप सिंह द्वारा घांघरिया, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी में अभी तक आए 2.30 लाख श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन करवाने में भी अहम भूमिका निभाई गई। जिस पर हेमकुंड साहिब चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह द्वारा अपनी पूर्ण जिम्मेदारी एवं निष्ठा का परिचय देते हुए व्यवस्थाओं को संभालने में सराहनीय सेवाएं प्रदान करने पर जनपद चमोली के पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मैन ऑफ द मंथ जुलाई 2026 में अमनदीप सिंह को नामित किया गया। वहीं अमनदीप सिंह को मैन ऑफ द मंथ नामित किए जाने पर उच्च अधिकारियों द्वारा बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की गई।

Related Articles

Back to top button