हरिद्वार

नशा मुक्ति का संदेश लेकर एकतानगर गुजरात के लिए निकला उत्तराखंड पुलिस का मोटरसाइकिल दल, हरिद्वार में हुआ स्वागत

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के एकतानगर में आयोजित होने वाली प्रस्तावित राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली-2026 में प्रतिभाग करने के लिए उत्तराखंड पुलिस का 12 सदस्यीय मोटरसाइकिल दल हरिद्वार पहुंचा। पुलिस लाइन रोशनाबाद में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने दल का फूल-मालाओं से स्वागत किया और सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। सहायक सेनानायक संजय उप्रेती के नेतृत्व में उत्तराखंड पुलिस का यह दल देहरादून से रवाना हुआ है। रैली की थीम “Fight Against Drugs” (नशे के खिलाफ लड़ाई) रखी गई है। इस अभियान का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना और समाज में नशा मुक्ति का संदेश प्रसारित करना है। दल में शामिल पुलिसकर्मी पांच बुलेट मोटरसाइकिल, एक बोलेरो और एक टेंपो ट्रैवलर के साथ यात्रा कर रहे हैं। पुलिस लाइन रोशनाबाद पहुंचने पर अधिकारियों ने टीम लीडर संजय उप्रेती सहित सभी सदस्यों का स्वागत किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए यात्रा की सफलता की कामना की गई। बच्चों ने नाटक और कविता के माध्यम से दिया नशा मुक्ति का संदेश
पुलिस लाइन के बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद के छात्र-छात्राओं ने लघु नाटिका, नुक्कड़ नाटक और कविता पाठ के माध्यम से नशे से होने वाले दुष्परिणामों को उजागर किया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के समापन पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव ने टीम लीडर संजय उप्रेती को स्मृति चिह्न भेंट किया। उन्होंने अपनी ओर से तथा हरिद्वार पुलिस की ओर से पूरे दल को सफल और सुरक्षित यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद पुलिस लाइन से दल को आगे की यात्रा के लिए रवाना किया गया। उत्तराखंड पुलिस का यह अभियान नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दल हरिद्वार से अपनी यात्रा आगे बढ़ाते हुए एकता दिवस पर गुजरात के एकतानगर पहुंचेगा और वहां प्रस्तावित राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली-2026 में प्रतिभाग करेगा।

Related Articles

Back to top button