कुंभ मेले की तैयारियों में जुटी पुलिस, मंशा देवी पैदल मार्ग का कुंभ मेला एसएसपी ने किया निरीक्षण
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला 2027 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित संपन्न कराने के लिए कुंभ मेला पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज गुरुवार को एसएसपी कुंभ मेला आयुष अग्रवाल ने मां मंशा देवी मंदिर के पैदल मार्ग, सीढ़ी मार्ग और मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन निकासी योजना को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की और जरूरी दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पैदल मार्ग पर कई कमियां सामने आईं। एसएसपी ने मार्ग के बीच में लगे विद्युत पोल को हटाने, जहां पैराफिट नहीं हैं वहां सुरक्षा के लिहाज से पैराफिट लगाने और शॉर्टकट रास्तों को बंद करने के निर्देश दिए। इसके अलावा रास्ते में बनी पानी की टंकी की मरम्मत कर नई टोंटियां लगाने और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ साथ क्षतिग्रस्त हिल बाईपास की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर निरीक्षण में सामने आई कमियों को समय रहते दूर किया जाए, ताकि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और किसी भी आपात स्थिति में भीड़ को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भट्ट, पुलिस उपाधीक्षक सुशील रावत, यातायात निरीक्षक हितेश कुमार, निरीक्षक सतवीर बिष्ट, निरीक्षक प्रीतम सिंह सहित कुंभ मेला पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









