तांबा चोरी मामले में आरोपी भेलकर्मी की गिरफ्तारी की तैयारी तेज
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। भेल कारखाने के भीतर जनरेटर से तांबे के कॉपर बार चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी भेलकर्मी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। आरोपी का प्रबंधन की ओर से हैदराबाद तबादला किए जाने के बावजूद पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मामले में आरोपी को भगाने में कथित रूप से सहयोग करने वाले यूनियन नेताओं से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब दो दिन पहले सीआईएसएफ की ओर से रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जनरेटर से कॉपर बार चोरी की सूचना मिलने पर सीआईएसएफ की खुफिया टीम ने निगरानी बढ़ाई थी। संदिग्ध गतिविधियों के दौरान दो लोगों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन एक संदिग्ध मौके से फरार हो गया। दूसरे व्यक्ति की पहचान भेल के स्थायी कर्मचारी रेजन चौहान के रूप में हुई।
पूछताछ और तलाशी के दौरान रेजन चौहान से मिले प्लास्टिक बैग से ग्राइंडर, कटिंग उपकरण, बोरा और कटिंग ब्लेड बरामद किए गए। इसके बाद सीआईएसएफ ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी। वहीं, फरार आरोपी को संविदाकर्मी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पुलिस के हाथ लगने से पहले ही कुछ यूनियन नेताओं ने कथित तौर पर वहां से भगा दिया।
मामले में अश्वनी चौहान, अमरीश कुमार, आशुतोष कुमार, अरविंद कुमार, मुकुल राज, मुकेश कुमार गुप्ता और अवधेश कुमार समेत अन्य यूनियन नेताओं के नाम सामने आए हैं। आरोप है कि इन लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोपी को मौके से फरार होने में मदद की। प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रेजन चौहान का हैदराबाद तबादला कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि चोरी में इस्तेमाल उपकरणों की बरामदगी और एफआईआर दर्ज होने के बाद अब फरार आरोपी भेलकर्मी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। साथ ही नामजद यूनियन नेताओं को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी है। एसीपी सिटी अभय प्रताप सिंह के अनुसार, मामले में जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।









