बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि, यातायात पुलिस ने बस चालकों और अटेंडेंट को दिया विशेष प्रशिक्षण
चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए हरिद्वार यातायात पुलिस ने दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रानीपुर में विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान स्कूल बस चालकों और अटेंडेंट को बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी देते हुए उन्हें प्रशिक्षण दिया गया।

अभियान के दौरान बच्चों को बस में चढ़ाने और उतारने के समय विशेष सावधानी बरतने, बस के पूरी तरह रुकने के बाद ही दरवाजा खोलने तथा सुरक्षित घेरा बनाकर बच्चों को उतारने के निर्देश दिए गए। अटेंडेंट को भी हर बच्चे को सुरक्षित रूप से स्कूल परिसर अथवा घर के गेट तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने के लिए कहा गया।

वहीं यातायात निरीक्षक संदीप सैनी ने कहा कि स्कूल बस चालक केवल वाहन चलाने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि सैकड़ों परिवारों की उम्मीदों और बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उसके कंधों पर होती है। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए यातायात नियमों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है।










