हरिद्वार में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पत्नी ने प्रेमी को बुलाया और पति ने भाई संग मिलकर उतारा मौत के घाट
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में मिले अज्ञात पुरुष के शव की गुत्थी हरिद्वार पुलिस ने चार दिन में सुलझा ली। पुलिस के मुताबिक, अवैध संबंध और महिला को परिवार छोड़कर साथ चलने के दबाव के चलते पति ने अपनी पत्नी और अन्य साथियों के साथ मिलकर बिजनौर निवासी गोपाल की हत्या की थी। मामले में पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। बता दे बीती 17 सितंबर की सुबह दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव मिला था। मृतक के पास बिजनौर की बस का टिकट मिला, लेकिन पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने आसपास के थानों और सीमावर्ती जिलों में संपर्क कर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। 20 सितंबर को पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान गोपाल पुत्र उमाचरण, निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के पास, बिजनौर के रूप में की। मृतक के बेटे आशु कुमार की तहरीर पर कोतवाली नगर में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 21 सितंबर को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से नरेंद्र और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बीमारी के इलाज के दौरान गोपाल की नरेंद्र की पत्नी से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत और फिर संबंध बन गए। पुलिस के अनुसार गोपाल महिला पर पति और बच्चों को छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बना रहा था। महिला के लगातार इनकार के बाद कथित तौर पर उसे अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस के मुताबिक, परेशान महिला ने पूरी बात अपने पति नरेंद्र को बताई। इसके बाद नरेंद्र ने पत्नी, अपने भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गोपाल की हत्या की योजना बनाई। गांव के ही एक व्यक्ति को 50 हजार रुपये में साथ देने के लिए तैयार किया गया।
पुलिस के अनुसार, योजना के तहत 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को हरिद्वार बुलाया। रात में वह उसे गंगा घाट ले गई। वहां गोपाल के शराब पीकर और खाना खाने के बाद सो जाने पर पहले से छिपे नरेंद्र और उसके साथियों ने चापड़ और चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मृतक का मोबाइल और पर्स गंगा में फेंक दिया गया और आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का चापड़ बरामद किया है। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले के खुलासे में कोतवाली नगर पुलिस के साथ सीआईयू टीम की भी भूमिका रही।









