हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में माताओं, किशोरियों और बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान 202 लाभार्थियों को महालक्ष्मी, तेजस्विनी, रोजगार और पोषण किट वितरित की गईं। मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों को सम्मानित करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की योजनाओं को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम में सात महिलाओं की गोद भराई कराई गई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। मंत्री ने चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र तृतीय का शुभारंभ किया और बच्चों के साथ भोजन कर उनसे संवाद किया। रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल योजनाओं के संचालन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के साथ उनके भविष्य की बुनियाद तैयार करने वाले महत्वपूर्ण केंद्र हैं।









