हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। लक्सर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नए शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से शुरू होने से पहले ही शिक्षा विभाग एक्शन मोड में नजर आ रहा है। विभाग ने ऐसे प्राइवेट स्कूलों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है, जो एनसीईआरटी की किताबों की बजाय निजी प्रकाशनों की महंगी किताबें लागू कर अभिभावकों पर आर्थिक बोझ डालते हैं।
सिर्फ किताबें ही नहीं, बल्कि मनमानी फीस वसूली, स्कूल ड्रेस और अन्य सामग्री को लेकर अभिभावकों पर दबाव बनाने वाले स्कूल भी अब विभाग के रडार पर हैं। शिक्षा विभाग ने साफ कर दिया है कि सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनकी मान्यता रद्द करने की संस्तुति उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
खंड शिक्षाधिकारी विनोद कुमार के मुताबिक, लक्सर क्षेत्र में ऐसे स्कूलों की पहचान की जा रही है। यदि किसी अभिभावक द्वारा शिकायत मिलती है, तो संबंधित स्कूल के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।









