हरिद्वार

भरभरा कर गिरा नीम का विशाल पेड़, दो अस्थाई दुकानें दबी, एक स्कूटी क्षतिग्रस्त हुई

फायर ब्रिगेड और पुलिस ने सड़क पर गिरे पेड़ को हटाकर यातायात सुचारू किया

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब दस बजे आनंदमयी आश्रम के बाहर सड़क किनारे खड़ा एक विशाल नीम का पेड़ अचानक गिर गया। विशाल पेड़ गिरने से मौके पर अफरा तफरी मच गई। अस्थाई रूप से लगी एक फूल और एक माला चूड़ी की दुकान पेड़ के नीचे दब गई और एक स्कूटी भी दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। पेड़ गिरने से मार्ग भी पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और फायरकर्मियों ने राहत कार्य शुरू करते हुए सड़क पर गिरे पेड़ को काटकर हटाया। थाना कनखल पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया। फायर ब्रिगेड और पुलिस की लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल हो पाया। जिस स्थान पर पेड़ गिरने की घटना हुई वह यात्री बाहुल्य क्षेत्र है। नजदीक ही पौराणिक दक्ष मंदिर और कई आश्रम होने की वजह से दिनभर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। गनीमत रही कि हादसे के वक्त भीड़ नहीं थी। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में कई पुराने पेड़ खड़े हैं, जिनकी समय समय पर जांच और छंटाई की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आमने आया है कि पेड़ काफी पुराना था। हादसे की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button