हरिद्वार

गंगा दशहरा के बाद सफाई अभियान तेज, डीएम के निर्देश पर पकड़ी रफ्तार

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे वृहद स्वच्छता अभियान ने अब और गति पकड़ ली है। गंगा दशहरा स्नान पर्व के समापन के बाद तीर्थनगरी के प्रमुख यात्रा मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्गों, नगरीय क्षेत्रों और शैक्षिक संस्थानों में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। नारसन बॉर्डर से मोतीचूर तक नेशनल हाईवे के दोनों ओर नालियों की सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा आंतरिक मार्गों की स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न विभागों की टीमें लगातार सफाई कार्य में जुटी हुई हैं, ताकि चारधाम एवं अन्य तीर्थ यात्राओं पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। नोडल अधिकारी स्वच्छता चन्द्रकांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि जिलाधिकारी के दिशा-निर्देशन में जन सहभागिता को बढ़ावा देते हुए लोगों से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने की अपील की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का कार्य भी कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि जनपद में स्थापित स्वच्छता कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप नंबर 8273371714 पर आमजन अपनी शिकायतें, सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं भेज सकते हैं, जिससे सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button