बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर बहुद्देशीय शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान
दो लाभार्थियों को मिली मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टिक्कमपुर स्थित शिव मंदिर में “बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर बहुद्देशीय शिविर” का आयोजन समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति, उत्तराखण्ड सरकार के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) देसराज कर्णवाल द्वारा किया गया। मा० उपाध्यक्ष कर्णवाल शिव मंदिर, टिक्कमपुर पहुंचे। यहां आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम शाम 04:00 बजे तक चला, जिसमें ग्रामीणों द्वारा पट्टे की जमीन, दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, आवास तथा शौचालय संबंधी कुल 20 समस्याएं रखी गईं। इनमें से 6 समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। शिविर में सभी रेखीय विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए पात्र लाभार्थियों के आवेदन पत्र मौके पर ही भरवाए। कार्यक्रम के दौरान बाल विकास विभाग एवं आंगनवाड़ी की ओर से दो लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी वितरित की गई। इस अवसर पर ग्रामीणों ने शिविर के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।









