सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, गड्ढामुक्त हों सड़कें: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण अनुश्रवण समिति की बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जनपद की सभी प्रमुख सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त किया जाए और सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके अधीन आने वाली जिन सड़कों पर गड्ढे हैं या पेचवर्क की आवश्यकता है, उन सभी कार्यों को कांवड़ मेले से पूर्व हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से निरंतर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है या जहां यातायात का दबाव ज्यादा है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक स्थानों पर साइन बोर्ड तत्काल लगाए जाएं और जनपद के ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उन्हें कम करने की प्रभावी कार्रवाई की जाए। बैठक में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को लेकर भी प्रशासन ने गंभीरता दिखाई।जिलाधिकारी ने एनएचआई और लोनिवि अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए तथा अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रुड़की कृष्ण चंद्र पलारिया ने बैठक में जानकारी दी कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने के लिए परिवहन विभाग और पुलिस विभाग द्वारा लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। जनवरी से अप्रैल 2026 तक परिवहन विभाग द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 3667 चालान, ओवरलोडिंग के 301, ओवरस्पीड के 2012, मोबाइल का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने पर 99, सीट बेल्ट न लगाने पर 352 तथा मालवाहक वाहनों में यात्री बैठाने पर 87 चालान किए गए। वहीं पुलिस विभाग द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 8429, नशे में वाहन चलाने पर 367, ओवरस्पीड पर 4666, ओवरलोडिंग पर 304, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने पर 270, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने पर 612, मालवाहक वाहनों में यात्री बैठाने पर 164 तथा रेड लाइट जंप करने पर 189 चालान किए गए। बैठक में एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डी के सिंह, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल विपुल सैनी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा, निखिल शर्मा तथा जितेन्द्र चन्द सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।









