हरिद्वार

डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर 266.4 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा

यात्रियों और स्थानीय लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम युद्धस्तर पर कार्य कर रहे हैं। सीवरेज निर्माण के लिए खोदी गई सड़कों की शीघ्र मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए दिन-रात निर्माण कार्य जारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई, गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के अंतर्गत सड़क पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा के दृष्टिगत सीवरेज कार्य के कारण खोदी गई सभी सड़कों की मरम्मत हर हाल में जल्द से जल्द पूरी की जाए, ताकि स्थानीय जनता, व्यापारियों और तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि 29 मई को पैकेज-01 और पैकेज-02 के अंतर्गत कुल 266.4 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। पैकेज-01 के तहत कुकरेती गली नंबर-3 में 53.4 मीटर सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा किया गया। वहीं पैकेज-02 के अंतर्गत द्वारका विहार में 26 मीटर, गणपति धाम फेस-3 में 40 मीटर, गणपति धाम फेस-2 में 28 मीटर, अजितेश विहार में 42 मीटर, राज विहार फेस-2 में 40 मीटर तथा गुप्ता कॉलोनी में 37 मीटर पावर ब्लॉक सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। इस प्रकार पैकेज-02 में कुल 213 मीटर कार्य संपन्न हुआ। प्रशासन का कहना है कि सड़क पुनर्निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए निर्माण एजेंसियां दिन-रात कार्य कर रही हैं, जिससे चारधाम यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आमजन को राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button