हरिद्वार

जाम मुक्त बनाने के लिए पुलिस की बड़ी पहल, प्रमुख चौराहों का संयुक्त सर्वेक्षण

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। चारधाम यात्रा और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और जाम मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस, लोक निर्माण विभाग, संभागीय परिवहन विभाग तथा NHAI की संयुक्त टीम ने जनपद के प्रमुख चौराहों एवं यातायात प्रभावित स्थलों का विस्तृत सर्वेक्षण किया है। संयुक्त निरीक्षण के दौरान टीम ने यातायात दबाव, सड़क संरचना, पार्किंग व्यवस्था और अन्य भौतिक चुनौतियों का गहन अध्ययन किया। सर्वेक्षण में पाया गया कि प्रातः 9 बजे से 11 बजे तथा सायं 5 बजे से 8 बजे के बीच स्कूलों, कार्यालयों और चारधाम यात्रा सीजन के कारण वाहनों का दबाव सबसे अधिक रहता है। निरीक्षण के दौरान फुटपाथ और सर्विस लेन पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, लेफ्ट टर्न में बाधाएं, चौराहों पर कम टर्निंग रेडियस, सड़क ढाल संबंधी समस्याएं, सिग्नल टाइमिंग में आवश्यक संशोधन तथा घिस चुकी ज़ेबरा क्रॉसिंग, स्टॉप लाइन और लेन मार्किंग जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई है। टीम ने ऐसे प्रमुख चौराहों की पहचान की है जहां लेफ्ट टर्न को फ्री करने, सड़क चौड़ीकरण, ड्रॉप लेन निर्माण, डिवाइडर सुधार और यातायात संकेतकों के उन्नयन से लगभग 30 प्रतिशत तक जाम की समस्या को कम किया जा सकता है। पुलिस ने बताया कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सुधारात्मक कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिल सकें। पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि वह लेन अनुशासन का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर जाम मुक्त और सुरक्षित हरिद्वार के निर्माण में सहयोग दें। संयुक्त निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक यातायात बिपेंद्र सिंह, निरीक्षक सीपीयू हितेश कुमार, संभागीय परिवहन जल विभाग से वरुणा खंडेलवाल, लोक निर्माण विभाग से दीपक, NHAI से प्रेम बल्लभ एवं अतुल शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button