एक ही छत के नीचे मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी
शिकायतों के निस्तारण के साथ लाभार्थियों को मिलेगा मार्गदर्शन

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से 12 जून को मंगलौर में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर “लोक समस्या निवारण कार्यक्रम” के अंतर्गत नगर पालिका सभागार, मंगलौर में पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित होगा। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बताया कि शिविर की अध्यक्षता उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती फरजाना बेगम करेंगी। शिविर का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से अल्पसंख्यक समुदाय को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। पात्र लाभार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन के साथ-साथ योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने विभागों की अद्यतन जानकारी, प्रचार सामग्री एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा विभागीय स्टॉल स्थापित करें। इसके अलावा नगर पालिका मंगलौर के अधिशासी अधिकारी को कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर का लाभ उठा सकें।









