हरिद्वार

3 जुलाई को लगेगा रोजगार मेला, 300 पदों पर भर्ती का सुनहरा मौका

चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। जनपद के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर आने वाला है। विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार की ओर से 3 जुलाई 2026 को देव फार्म हाउस, झबरेड़ा में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा, जिसमें विभिन्न निजी औद्योगिक कंपनियां लगभग 300 रिक्त पदों पर चयन करेंगी। प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने बताया कि रोजगार मेले में सिडकुल हरिद्वार एवं रुड़की की कई प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयाँ प्रतिभाग करेंगी। मेले के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर विभिन्न पदों पर चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, बी.फार्मा, एम.फार्मा, स्नातक और परास्नातक योग्यता रखने वाले तथा 18 से 32 वर्ष आयु वर्ग के उत्तराखंड के स्थायी निवासी युवा इस रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अपने सभी शैक्षिक एवं प्रशिक्षण संबंधी प्रमाण-पत्र, सेवायोजन पंजीकरण प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर रोजगार मेले में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं। जिला सेवायोजन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि रोजगार मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा भत्ता (टीए) देय नहीं होगा। रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यदिवसों में प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार से संपर्क कर सकते हैं। यह रोजगार मेला जनपद के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में योग्य अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button