जनसुनवाई में डीएम मयूर दीक्षित ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, 30 शिकायतों में से 18 का मौके पर निस्तारण
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 30 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 18 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजा गया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित विभिन्न जनसमस्याएं प्रमुखता से उठाई गई। इस दौरान रावली महदूद निवासी अर्जुन ने अपनी माता चांदो देवी के मेडिकल बिल ईएसआईसी डिस्पेंसरी गोविंदपुरी में जमा नहीं किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, बाढ़ प्रभावित ग्राम गंगदासपुर से फेरूपुर कठिया में विस्थापित किए गए परिवारों ने अपने आवंटित प्लॉटों पर कुछ लोगों द्वारा कब्जे के प्रयास का मामला उठाते हुए उपराजस्व निरीक्षक से भूमि की पैमाइश कराने की मांग की। सलेमपुर महदूद निवासी चमन चौहान ने होलिका दहन स्थल एवं विद्यालय के पास संचालित अवैध मीट की दुकानों को बंद कराने तथा प्राथमिक विद्यालय और राजकीय इंटर कॉलेज के बाहर सहित गांव के विभिन्न स्थानों पर फैली कूड़े की समस्या के समाधान की मांग की। वहीं, समता सिंह ने नया हरिद्वार कॉलोनी में अतिक्रमण हटवाने तथा पंकज राणा ने सलेमपुर महदूद स्थित सिद्धिविनायक कॉलोनी फेस-2 में खसरा नंबर 1772 की सरकारी चकरोड से अवैध कब्जा हटवाने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर मौके पर पहुंचें और समस्या का प्रभावी समाधान करें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतने और जनता की शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जनसुनवाई कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा वर्चुअल माध्यम से भी जिला स्तरीय अधिकारी जुड़े तथा विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं।









