हरिद्वार

बहादराबाद में पुलिस मुठभेड़ के बाद अवैध असलहा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश

एसएसपी नवनीत सिंह का सख्त एक्शन, पांच पिस्टल समेत चार तस्कर गिरफ्तार

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। जनपद में अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के खिलाफ हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बहादराबाद पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने सोमवार को अवैध हथियार तस्करी में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ व्यक्ति बौंगला तिराहे पर अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त करने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक व्यक्ति पैदल और दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को मौके पर दबोच लिया, जबकि मुकुल पाल भागकर गन्ने के खेत में घुस गया।

पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर मुकुल पाल ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद उसने दोबारा गोली चलाई। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ नियमानुसार कार्रवाई की, जिसमें मुकुल पाल के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला चिकित्सालय हरिद्वार पहुंचाया गया।

पूछताछ एवं तलाशी में मुकुल पाल के कब्जे से दो .32 बोर पिस्टल और एक मोबाइल फोन तथा भूपेन्द्र के कब्जे से .315 बोर का तमंचा बरामद किया गया। वहीं विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पास पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई दो .32 बोर पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पुलिस ने ग्राम बडैड़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान एक अन्य आरोपी प्रशांत कुमार को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस तरह पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुल पाल पुत्र कन्हैया निवासी ग्राम बमौरी, थाना सरधना, जनपद मेरठ, भूपेन्द्र पुत्र विजय कुमार निवासी ग्राम मंसूरपुर जोहरा, थाना मंसूरपुर, जनपद मुजफ्फरनगर, विशाल कुमार पुत्र मंगता निवासी बहादराबाद तथा प्रशांत कुमार पुत्र निर्दोष कुमार निवासी दादूपुर गोविंदपुर, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल पांच अवैध .32 बोर पिस्टल, एक .315 बोर तमंचा, सात जिंदा कारतूस, एक स्प्लेण्डर प्लस और एक बुलेट मोटरसाइकिल तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

Related Articles

Back to top button