बहादराबाद पुलिस ने 7.5 ग्राम स्मैक के साथ नशा तस्कर दबोचा
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “ऑपरेशन प्रहार-2026” अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को 7.5 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बहादराबाद से सुमन नगर की ओर जाने वाली नहर पटरी के कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7.5 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपित की पहचान शावेज पुत्र मोहम्मद इरफान, निवासी मस्जिद वाली गली, कस्बा बहादराबाद, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। बरामदगी के आधार पर आरोपित के विरुद्ध कोतवाली बहादराबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में थाना रानीपुर में आर्म्स एक्ट तथा थाना सिडकुल में आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, हेड कांस्टेबल नरविन्दर सिंह एवं कांस्टेबल पंकज बिष्ट की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने कहा है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और परिवहन में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।









