लक्सर

ड्रोन निगरानी से हरिद्वार पुलिस पहुंची अपराध की जड़ तक

ऑपरेशन प्रहार का बड़ा असर, 51 लोगों पर कानूनी कार्रवाई

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना पथरी पुलिस ने बोडाहेडी गांव में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 महिलाओं और 29 पुरुषों सहित 51 लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही शुरू की है। पुलिस की सख्ती के बाद छतों पर जमा किए गए ईंट पत्थरों को हटवाकर गांव में शांति व्यवस्था बहाल कराई गई। बीते दिनों बोडाहेडी गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट के दौरान दोनों ओर से छतों से पथराव किया गया था, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हुई। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए हैं घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने थाना पथरी को असामाजिक तत्वों के विरुद्ध ठोस व प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ड्रोन कैमरों के साथ गांव पहुंची और छतों पर रखे गए ईंट-पत्थरों की निगरानी की। ड्रोन सर्विलांस के माध्यम से चिन्हित स्थानों से लोगों द्वारा स्वयं ईंट-पत्थर हटवाए गए। पुलिस ने ग्रामीणों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में माहौल खराब करने के उद्देश्य से छतों पर पत्थर या अन्य सामग्री जमा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 22 महिलाओं और 29 पुरुषों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम में शामिल रहे थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, एसआई बबलू चौहान, एसआई महेंद्र पुंडीर, कांस्टेबल राकेश नेगी, कांस्टेबल नारायण, कांस्टेबल नारायण राणा, चालक पंकज, कांस्टेबल आदेश चौहान और कांस्टेबल सुबोध आदि शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button