एनयूजे ने पौधारोपण कर मनाया हरेला पर्व, जिला सूचना अधिकारी को दी शुभकामनाएं
पर्यावरण संरक्षण में पत्रकारों की भूमिका अहम: जिला सूचना अधिकारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। हरिद्वार उत्तराखंड के मीडियाकर्मियों की प्रमुख राज्य स्तरीय पंजीकृत संस्था नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) की हरिद्वार जनपद इकाई द्वारा लोक पर्व हरेला के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने जिला सूचना अधिकारी (डीआईओ) रती लाल शाह से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें पौधा भेंट किया और हरेला पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह ने संगठन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा, हरेला उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और प्रकृति के प्रति अपार प्रेम का प्रतीक है। आज के समय में पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक कर्तव्य है। पत्रकार समाज का आईना होते हैं, और जब मीडियाकर्मी स्वयं आगे आकर पर्यावरण चेतना जगाने का कार्य करते हैं, तो इसका समाज में एक गहरा और सकारात्मक संदेश जाता है। एनयूजे द्वारा किया गया यह पौधारोपण अभियान सराहनीय है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ संगठन के सदस्यों ने तरुण हिमालय इंटर कॉलेज, हरिद्वार के प्रांगण में सामूहिक रूप से 11 पौधे लगाकर पौधारोपण अभियान चलाया। यह कार्यक्रम एनयूजे के जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह सिद्धू की अध्यक्षता, जिला महासचिव नवीन चंद्र पांडे के कुशल संचालन तथा प्रचार मंत्री मुदस्सिर मंसूरी के संयोजन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस मौके पर प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार पाल ने भी अपने विचार रखे और संगठन की मजबूती व पत्रकारों के हितों पर बल दिया। बैठक और पौधारोपण कार्यक्रम में सूर्या सिंह राणा, प्रभाष भटनागर, धीरेंद्र सिंह रावत, धर्मेंद्र कुमार, भगवती प्रसाद गोयल और त्रिलोक चंद्र भट्ट सहित कई वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।









