हरिद्वार

हरेला पर्व पर स्वामी दर्शनानन्द गुरुकुल महाविद्यालय में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

अक्षय कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(अक्षय कुमार) हरिद्वार। उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर स्वामी दर्शनानन्द गुरुकुल महाविद्यालय, ज्वालापुर में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक हवन-यज्ञ से हुई, जिसके बाद महाविद्यालय एवं आश्रम परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।

इस अवसर पर आचार्य स्वामी विरक्तदेव जी ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के सच्चे हितैषी हैं और निःस्वार्थ भाव से परोपकार का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और पुराणों में भी वृक्षारोपण को महान पुण्य का कार्य बताया गया है।

उपाचार्य स्वामी नारायण देव जी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य पं. डॉ. हेमन्त तिवारी ने कहा कि हरेला उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम में डॉ. सुशील कुमार त्यागी ने अपनी कविता के माध्यम से वृक्षों के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं प्राध्यापक आदित्य वर्मा, कुलदीप, वैभव जैन एवं देवकीनन्दन शर्मा ने भी पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने आश्रम परिसर में कटहल, आम, पीपल, गुड़हल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर असीम कुमार, गोपीनन्दन झा, सुरेशचरण पन्त, हेम जोशी, योगेन्द्र सिंह, धर्मेन्द्र कुमार, ललित मिश्रा, पूरन सिंह, सचिन कुमार, राकेश कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button