कनखल के ऐतिहासिक झण्डा चौक का होगा भव्य कायाकल्प, यातायात और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को गति देते हुए मेला प्रशासन ने धर्मनगरी हरिद्वार के पौराणिक क्षेत्र कनखल स्थित ऐतिहासिक झण्डा चौक के व्यापक सुधार एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के सुझावों के आधार पर तैयार की गई इस योजना का उद्देश्य झण्डा चौक की ऐतिहासिक और धार्मिक गरिमा को संरक्षित रखते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना है। शनिवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती के नेतृत्व में मेला प्रशासन के अधिकारियों और अभियंताओं की टीम ने झण्डा चौक का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय हितधारकों के साथ विस्तृत बैठक कर प्रस्तावित विकास योजना पर चर्चा की गई और सुझाव आमंत्रित किए गए। योजना के तहत झण्डा चौक का चौड़ीकरण किया जाएगा ताकि यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित हो सके। पैदल यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी तथा आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली लागू की जाएगी। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र का आकर्षक सौंदर्यीकरण और बेहतर प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि ऐतिहासिक ध्वज स्तंभ को चौराहे के ठीक मध्य में स्थापित किया जाएगा, जिससे झण्डा चौक की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान और अधिक सशक्त हो सके। वहीं आवागमन में बाधा बन रहे बिजली के खंभों और अन्य छोटी संरचनाओं को हटाकर उपयुक्त स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में स्थानीय लोगों की भावनाओं और सुझावों को प्राथमिकता दी जाए तथा योजना को शीघ्र धरातल पर उतारा जाए। इसके बाद अपर मेलाधिकारी ने श्रीयंत्र टापू क्षेत्र का भी निरीक्षण कर कुंभ मेला मद से संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने मायापुर स्केप चैनल पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने बताया कि विद्युत लाइन शिफ्ट होने के बाद नदी के दूसरे छोर पर आई-वेल फाउंडेशन का निर्माण कार्य पूरी गति से चल रहा है और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पुल निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पत्रकार सुनील दत्त पांडे, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप चौधरी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग, मुरली मनोहर, जतिन हांडा, हिमांशु राजपूत, अनिमेष शर्मा सहित अनेक स्थानीय नागरिक एवं लोक निर्माण विभाग तथा मेला अधिष्ठान के अधिकारी उपस्थित रहे।









