हरिद्वार

कांवड़ यात्रा में खाद्य सुरक्षा पर प्रशासन का सख्त पहरा, 53 होटल-ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापा

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, तहसील प्रशासन और बाट-माप विभाग की संयुक्त टीम ने हरिद्वार नगर क्षेत्र सहित प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित होटल, ढाबों, रेस्तरां, स्ट्रीट फूड विक्रेताओं और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि शंकर आश्रम से ऋषिकुल चौक तक चलाए गए अभियान में 20 से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान खाद्य पंजीकरण, रेट लिस्ट, कमर्शियल गैस सिलेंडर, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। कई प्रतिष्ठानों में खाद्य पंजीकरण और स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन संतोषजनक नहीं मिलने पर कारोबारियों को मौके पर ही नोटिस जारी करते हुए सात दिनों के भीतर आवश्यक सुधार और पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए। संयुक्त टीम ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सामग्री ढककर रखने, पर्याप्त डस्टबिन की व्यवस्था करने, अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने तथा बासी एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों के विक्रय और भंडारण से बचने के निर्देश दिए। साथ ही पॉलीथिन पैकिंग में बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों के संबंध में भी नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। अभियान के दौरान खुली हल्दी पाउडर और अचार के दो नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। इसी क्रम में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पवन कुमार के नेतृत्व में भगवानपुर–देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग और हरिद्वार–रुड़की राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होटल एवं रेस्तरां का निरीक्षण किया गया। यहां 33 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर संचालकों को खाद्य पंजीकरण, लाइसेंस, स्वच्छता और गुणवत्ता संबंधी सभी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने सभी खाद्य कारोबारियों से एफएसएसएआई के नियमों के अनुरूप खाद्य पंजीकरण, लाइसेंस, फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड और रेट लिस्ट प्रदर्शित करने की अपील की है। विभाग ने आमजन से भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता या मिलावट संबंधी शिकायतों के लिए एफएसएसएआई के टोल फ्री नंबर 1800-180-4246 पर शिकायत दर्ज कराने का अनुरोध किया है। विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए ऐसे विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे। संयुक्त निरीक्षण टीम में नायब तहसीलदार मदन लाल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र, क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी देव चंद तथा वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान प्रदीप बिजलवान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button