हरिद्वार

कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर पंतद्वीप पार्किंग में दूसरे दिन भी चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले को सुगम, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में रविवार को पंतद्वीप पार्किंग क्षेत्र में दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहा। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान में जिला प्रशासन, नगर निगम, सिंचाई विभाग तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान पार्किंग क्षेत्र और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया, ताकि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ मेले में लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा मेले का सफल संचालन करना है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ मेले की अवधि तक अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन एवं व्यापारियों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें और प्रशासन के अभियान में सहयोग दें।

Related Articles

Back to top button