हरिद्वार

अमर शहीद जगदीश वत्स को दी श्रद्धांजलि, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों को शॉल व पुष्पमाला भेंट कर किया सम्मानित

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीदों की स्मृति में कोतवाली हरिद्वार के सामने स्थित भल्ला पार्क में शहीद दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ध्वजारोहण किया तथा अमर शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद जगदीश वत्स ने देश को आजादी दिलाने के लिए अनेक संघर्षों का सामना किया। उनके त्याग और बलिदान को देश सदैव स्मरण करता रहेगा। उन्होंने कहा कि जिन वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का प्रमाणिक एवं विस्तृत इतिहास सुरक्षित रहना चाहिए, ताकि भावी पीढ़ी को उनके संघर्ष, त्याग और देशभक्ति की सही जानकारी मिल सके। उन्होंने इस संबंध में नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। उन्होंने कांवड़ मेला-2026 के सफल आयोजन में स्थानीय नागरिकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि बड़े आयोजनों की सफलता जनसहयोग और बेहतर समन्वय से ही संभव होती है। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेले में भी क्षेत्रवासियों के सुझावों और सहभागिता को शामिल करते हुए आयोजन को सफल बनाया जाएगा। कार्यक्रम में गोपाल नारसन ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनके पराक्रम, त्याग और जीवन संघर्ष को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान से प्रेरणा ले सकें। वहीं मुरली मनोहर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष और उनके त्याग पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उनके परिजनों एवं आश्रितों को शॉल एवं पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में भारत भूषण, मुरली मनोहर, गोपाल नारसन, अनिल गिरी, मुकेश त्यागी, सुनील जोशी, बाल किशन कोरी, श्याम सुंदर सचदेवा, राजन कौशिक, रविंद्र शर्मा, शशि, सुनीता त्यागी, रीता गुलाटी, सुरेंद्र कुमार सैनी, नवीन शरण निश्चल, विशाल अग्रवाल एवं पार्षद हिमांशु गुप्ता सहित अन्य लोग शामिल रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन सचिव रेडक्रॉस डॉ. नरेश चौधरी ने किया। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त महेंद्र यादव, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन, संबंधित अधिकारी-पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button