ज्वेलर्स को कई दिन ट्रैक कर रची लूट की पटकथा, रानीपुर पुलिस ने तीन लुटेरों को दबोचा
रजत चौहान प्रधान सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। रानीपुर क्षेत्र में ज्वेलर्स से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज चार दिन में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने वारदात की साजिश रचने और उसे अंजाम देने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर लूटे गए चांदी के सिक्के, सफेद धातु की मूर्ति व पेंडल, एप्पल आईफोन, जरूरी दस्तावेज और बैग बरामद किए गए हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कैंची और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।
मामला 21 अगस्त की रात का है। शिवलोक कॉलोनी फेज-3 निवासी प्रदीप कुमार शर्मा ने रानीपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन अज्ञात बदमाश स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से उनका पीछा करते हुए आए और शिवलोक कॉलोनी के पास मौका पाकर उनका बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण, एप्पल आईफोन, दुकान की चाबियां, बीएचईएल मेडिकल कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर रानीपुर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए सीआईयू की मदद से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र के डिजिटल साक्ष्य खंगाले। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और संदिग्धों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे और 25 अगस्त को बीएचईएल मटेरियल गेट के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसमें सवार तीन युवकों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रितिक उर्फ टोपो (22) निवासी खंजरपुर, मोदीनगर, गाजियाबाद, सौरभ (19) निवासी टांडा साहूवाला, बढ़ापुर, बिजनौर और राजीव सैनी उर्फ सागर (21) निवासी चांदपुर, पथरी, हरिद्वार के रूप में हुई।
पहले की रेकी, फिर सुनियोजित तरीके से लूट, पूछताछ में सामने आया कि आरोपित कांवड़ मेले के दौरान बैरागी कैंप में दुकान लगाए हुए थे। इसी दौरान कनखल आने-जाने के क्रम में उनकी नजर ज्वेलर्स पर पड़ी। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने उसकी दिनचर्या और आवाजाही की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। 11 अगस्त को भी उन्होंने ज्वेलर्स का पीछा किया, लेकिन उस दिन वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
इसके बाद 21 अगस्त को तीनों ने ज्वेलर्स का पीछा करते हुए शिवलोक कॉलोनी तक पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि बदमाशों ने पहले कैंची से बैग का पट्टा काटा और फिर बैग छीन लिया। पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपितों ने छीना-झपटी की और कैंची से वार करने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
वारदात के बाद लूट का सामान राजा गार्डन, जगजीतपुर स्थित रितिक के कमरे में ले जाया गया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर कमरे की तलाशी लेकर लूटा गया सामान बरामद कर लिया।
लूट का सामान बरामद: पुलिस के मुताबिक आरोपितों से पांच सफेद धातु के सिक्के, सफेद धातु की गाय की मूर्ति, एक सफेद धातु का पेंडल, एप्पल मोबाइल फोन, पीड़ित के आधार कार्ड की छायाप्रति, बीएचईएल मेडिकल हेल्थ कार्ड/बुकलेट व अन्य दस्तावेज, नीले रंग का बैग, वारदात में प्रयुक्त कैंची और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और आपराधिक षड्यंत्र के संबंध में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की विवेचना अभी जारी है। तीनों आरोपितों को बुधवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार रितिक उर्फ टोपो का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर भण्डारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्द किशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक मंदीप सिंह, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घड़ियाल, हेड कांस्टेबल जितेंद्र चौधरी, हेड कांस्टेबल बिमल सिंह, कांस्टेबल विवेक गुसाईं, प्रेम सिंह, उदय नेगी और कांस्टेबल चालक नीलय यादव शामिल रहे। सीआईयू टीम में निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट और कांस्टेबल वसीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।









