हरिद्वार

खाद्य मानकों की अनदेखी पर नोटिस, 13 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे-दो मामलों में न्यायालय में वाद दायर

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरिद्वार जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखण्ड विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर विभागीय टीमों ने ऑनलाइन ई-प्लेटफॉर्म समेत विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी ने बताया कि ज्वालापुर स्थित ब्लिंकिट स्टोर के निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। प्रतिष्ठान में आवश्यक अभिलेख, कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड, पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल संबंधी रिकॉर्ड, तापमान मापन उपकरण तथा खाद्य पदार्थों के रखरखाव एवं भंडारण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं पाया गया। इस पर विभाग द्वारा प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया।
इसी क्रम में नोएडा की एक ब्रेड निर्माता कंपनी को लेबलिंग नियमों के उल्लंघन तथा एक टोफू निर्माता कंपनी को उत्पाद को “सोया पनीर” के नाम से बेचने के मामले में नोटिस जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान देशी घी, ब्रेड, मिठाई एवं टोफू सहित खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।
दो मामलों में न्यायालय में वाद दायर
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कांवड़ मेला अवधि के दौरान चंडीघाट स्थित शंकर ढाबा में खराब मसालों के उपयोग एवं बिना फूड लाइसेंस संचालन के मामले में न्यायालय में वाद दायर किया है। वहीं खानपुर स्थित प्रहलाद स्वीट्स से लिए गए दूध के नमूने के अधोमानक पाए जाने के साथ ही अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण एवं बिना लाइसेंस संचालन के मामले में भी न्यायालय में वाद दर्ज किया गया है। इसके अलावा पिरान कलियर, रुड़की शहर सहित विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंटों में भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने निरीक्षण किया। इस दौरान तेल, मसाले, दूध, चायपत्ती, चाट मसाला सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए। बिना फूड लाइसेंस संचालित पाए गए प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत चलाए गए अभियान के दौरान कुल 13 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए संग्रहित किए गए हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button