एआई से स्मार्ट होगी उत्तराखंड पुलिसिंग, तकनीक के साथ मानवीय विवेक पर जोर
राजेश पसरीचा देहरादून प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) देहरादून। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते उपयोग और संभावनाओं को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में कदम बढ़ाया है। पुलिस मुख्यालय स्थित सरदार पटेल भवन के सभागार में बुधवार को “AI for Smart Policing: From Everyday Police Operations to Intelligent Surveillance and Cybersecurity” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में आईआईटी रुड़की के विशेषज्ञों और उत्तराखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसिंग में एआई के व्यावहारिक उपयोग को लेकर मंथन किया।
कार्यशाला में आईआईटी रुड़की के प्रो. सौमित्र सतपथी, प्रो. सुदीप रॉय, प्रो. राघवेंद्र सिंह रोहित तथा अपर पुलिस अधीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा अंकुश मिश्रा ने एआई इन एवरीडे पुलिसिंग, अपराध रोकथाम से स्मार्ट निर्णय लेने, एआई फॉर स्मार्ट पुलिसिंग और पुलिस के लिए उभरती साइबर सुरक्षा चुनौतियों जैसे विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान साइबर सुरक्षा, इंटेलिजेंट सर्विलांस, अपराध विश्लेषण, डेटा आधारित पुलिसिंग, रिकॉर्ड प्रबंधन और दैनिक पुलिस कार्यों में एआई के संभावित उपयोग पर विस्तार से चर्चा हुई।
पुलिस अधिकारियों ने अपने कार्यक्षेत्र की चुनौतियों और तकनीक के व्यावहारिक उपयोग से जुड़े अनुभव साझा किए। साथ ही एआई के इस्तेमाल में डेटा सुरक्षा, गोपनीयता, विश्वसनीयता और मानवीय विवेक जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि तकनीक और एआई पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, त्वरित और डेटा आधारित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एआई मानव विवेक का विकल्प नहीं, बल्कि पुलिस अधिकारियों की निर्णय क्षमता को सशक्त बनाने वाला तकनीकी माध्यम है। डेटा सुरक्षा, गोपनीयता और जिम्मेदार एआई के सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड पुलिस को तकनीक-सक्षम और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार पुलिस बल के रूप में विकसित किया जाएगा।
कार्यशाला का संयोजन पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण अनंत शंकर ताकवाले ने किया। इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन ए.पी अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक/निदेशक यातायात कृष्ण कुमार वीके, पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय/पीएंडएम बरिन्दरजीत सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक सतर्कता प्रह्लाद मीणा सहित पुलिस मुख्यालय एवं देहरादून स्थित विभिन्न इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।









