एचआईवी के खिलाफ जागरूकता की नई पहल, जिला चिकित्सालय हरिद्वार में आईसी कैंपेन का शुभारंभ
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। भारत सरकार एवं उत्तराखंड राज्य एड्स कंट्रोल सोसाइटी के तत्वावधान में एचआईवी/एड्स की रोकथाम एवं जन-जागरूकता को लेकर विशेष आईसी कैंपेन का शुभारंभ किया गया। जिला चिकित्सालय हरिद्वार के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता ने प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करना, इसके संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी देना तथा समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना है। कैंपेन के माध्यम से विभिन्न प्रचार-प्रसार गतिविधियों द्वारा लोगों को एचआईवी/एड्स की रोकथाम और समय पर जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा। जिला महिला चिकित्सालय हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि एचआईवी/एड्स जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। सही जानकारी और समय पर जांच से इस बीमारी के प्रसार को रोका जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एचआईवी/एड्स से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रांति से दूर रहें और जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें। कार्यक्रम में डॉ. दीपा शर्मा, डॉ. अजय कुमार, डॉ. निष्ठा गुलाटी, डॉ. हरिशंकर कौशिक, डॉ. प्रदीप कुमार जैन एवं डॉ. हेमंत खर्कवाल सहित चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के अन्य स्टाफ में अशोक कालरा, वासुदेव न्यूली, राजन बडोनी तथा टीआई एनजीओ से सौरभ और मोहन सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। अभियान के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने संकल्प लिया कि एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा, ताकि लोग सही जानकारी प्राप्त कर संक्रमण से बचाव के प्रति सजग हो सकें।









