मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना में हरिद्वार के 666 छात्र-छात्राओं का चयन
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आयोजित छात्रवृत्ति परीक्षा में जनपद हरिद्वार के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस वर्ष जनपद से कुल 666 मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन छात्रवृत्ति योजना के लिए हुआ है। योजना के अंतर्गत जनपद के 18 परीक्षा केंद्रों पर जूनियर स्तर (कक्षा 6) एवं माध्यमिक स्तर (कक्षा 9) की छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा का परिणाम 02 सितम्बर 2026 को सचिव, विद्यालयी शिक्षा उत्तराखण्ड ज्योति यादव, आईएएस द्वारा घोषित किया गया। मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में छात्रवृत्ति परीक्षा के प्रति विद्यार्थियों को प्रेरित करने एवं अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि जूनियर स्तर अर्थात कक्षा 6 की परीक्षा में वर्ष 2026-27 के दौरान कुल 4,795 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 363 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। जबकि वर्ष 2025-26 में इसी स्तर पर केवल 1,288 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए थे और 88 विद्यार्थियों का चयन हुआ था। इसी प्रकार माध्यमिक स्तर अर्थात कक्षा 9 की परीक्षा में इस वर्ष 3,845 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए, जिनमें से 303 विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति के लिए सफलता प्राप्त की। पिछले वर्ष इस स्तर पर 1,686 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 122 का चयन हुआ था। दोनों स्तरों के आंकड़ों को मिलाकर वर्ष 2026-27 में जनपद हरिद्वार से कुल 666 छात्र-छात्राओं का चयन मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के लिए हुआ है। पिछले वर्ष की तुलना में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों एवं चयनित छात्र-छात्राओं की संख्या में लगभग तीन गुना वृद्धि दर्ज की गई है। यह उपलब्धि जनपद हरिद्वार में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता, विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों को दर्शाती है। मेधावी विद्यार्थियों की इस सफलता से जनपद के अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद ने बताया कि सभी छात्र-छात्राओं का परीक्षा परिणाम एवं चयन सूची एससीईआरटी उत्तराखण्ड के छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध है। विद्यार्थी अपने रोल नंबर एवं जन्मतिथि दर्ज कर पोर्टल पर परीक्षा परिणाम तथा अपनी चयन स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जनपद प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना में चयनित सभी 666 छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।









