हरिद्वार

हरिद्वार में गैंगवार की बड़ी साजिश टली, दो पिस्टल और 10 कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को दो अवैध पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने भाई की हत्या का बदला लेने के इरादे से हथियारों के साथ घूम रहा था। पुलिस की सतर्कता से संभावित गैंगवार की एक बड़ी वारदात टल गई।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत पुलिस लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही है। इसी अभियान के दौरान कोतवाली नगर पुलिस की मुस्तैदी के चलते दुधियाबंद क्षेत्र में हथियारों के साथ घूम रहे आरोपी को समय रहते पकड़ लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के पास से बरामद हथियारों के संबंध में जांच की जा रही है और पूरे मामले के आपराधिक कनेक्शन भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार 6 सितंबर 2026 को कोतवाली नगर पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान चित्रकूट घाट के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में नजर आया। पुलिस को देखकर उसके सकपकाने पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के साथ जब उसके कंधे पर टंगे पीठू बैग की तलाशी ली गई तो उसके अंदर से 32 बोर की दो पिस्टल, दो मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पुलिस ने आरोपी से हथियार रखने का कारण पूछा और लाइसेंस के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2010 में उसके भाई की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से ही वह कथित तौर पर भाई की हत्या के आरोपियों को ठिकाने लगाने के मौके की तलाश में था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने गैंगवार के चलते अप्रैल 2026 में हरिद्वार में एक आश्रम को लीज पर लेकर होटल के रूप में व्यापार शुरू किया था। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि उसके भाई की हत्या के आरोपी जेल से जमानत पर बाहर आ चुके हैं और हरिद्वार आने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि इसी के चलते आरोपी ने हथियार और कारतूस जुटाए थे।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली नगर पहुंचाया। मामले में मु0अ0सं0 445/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार पुत्र महावीर सिंह, निवासी ग्राम बुडीना कला, थाना तितावी, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र करीब 45 वर्ष के रूप में हुई है।

बरामदगी: दो पिस्टल 32 बोर, दो मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस 32 बोर। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट, उपनिरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार, हेड कांस्टेबल प्रदीप पंवार और हेड कांस्टेबल गुलशन नेगी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button