जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय अपर रोड का किया औचक निरीक्षण, नए भवन के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में उन्होंने अपर रोड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने बच्चों से गणित के सवाल भी हल करवाए, जिनका विद्यार्थियों ने सही उत्तर दिया। बच्चों की प्रतिभा और पढ़ाई के प्रति रुचि देखकर जिलाधिकारी ने उनका उत्साहवर्धन किया। जिलाधिकारी ने शिक्षिकाओं को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक शिक्षा भी प्रदान की जाए, ताकि वे सीखी गई बातों का उपयोग अपने दैनिक जीवन में कर सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियां भी बेहद जरूरी हैं।
विद्यालय भवन की स्थिति का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने पुराने भवन के स्थान पर नए विद्यालय भवन के निर्माण के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने विद्यालय में खेल मैदान की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेलकूद की पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेलकूद से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और शारीरिक क्षमता का विकास होता है। इसलिए विद्यालयों में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दिशा में विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं के विकास और शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद, प्रधानाध्यापिका श्रीमती सपना रानी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, विद्यालय की शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।









