हरिद्वार

रामलीला मंच से साइबर ठगों पर वार पुलिस ने समझाई डिजिटल लक्ष्मण रेखा

बहादराबाद पुलिस की अनूठी पहल, रामायण के प्रसंगों से सैकड़ों लोगों को किया जागरूक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। साइबर अपराधियों के जाल से आमजन को बचाने के लिए बहादराबाद पुलिस ने रामलीला मंच से जागरूकता की अनूठी पहल की। एसआई हेमदत्त भारद्वाज ने रामायण के प्रसंगों के माध्यम से सैकड़ों दर्शकों को साइबर ठगी के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने माता सीता के हरण के प्रसंग का उदाहरण देते हुए समझाया कि जिस प्रकार रावण ने साधु का वेश धारण कर छल किया था, उसी प्रकार आज साइबर अपराधी भी पुलिस अधिकारी, बैंक कर्मचारी और रिश्तेदार बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। आज के ‘डिजिटल रावण’ से बचने के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। पुलिस ने लोगों को AI, डीपफेक, फर्जी KYC, लॉटरी, फर्जी लोन और अनजान लिंक के जरिए होने वाली ठगी के प्रति आगाह किया। साथ ही OTP, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने, सोशल मीडिया अकाउंट सुरक्षित रखने तथा अनजान ऐप डाउनलोड करने से बचने की अपील की। एसआई हेमदत्त भारद्वाज ने कहा कि किसी परिचित के नाम पर वीडियो कॉल या तत्काल रुपये मांगने का संदेश मिलने पर बिना सत्यापन पैसे न भेजें। संबंधित व्यक्ति से किसी दूसरे विश्वसनीय माध्यम से संपर्क कर पुष्टि जरूर करें। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी शिकायत की जा सकती है। समय पर शिकायत करने से ठगी गई रकम को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।

Related Articles

Back to top button