
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रवि चौहान) हरिद्वार। लालढांग से हाईवे की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित झिलमिल झील पर्यटकों के लिए खोल दी गयी है। डीएफओ स्वप्निल अनिरूद्ध ने इसका शुभारंभ किया। 15 अक्टूबर से 30 जून तक पर्यटक झील का भ्रमण कर प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों का दीदार कर सकेंगे। पिछले पांच वर्षों में झिलमिल झील के प्रति पर्यटकों का आकर्षण लगातार बढ़ा है। प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों की मौजूदगी के कारण यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बन रहा है। झिलमिल झील में पर्यटकों को हाथी, तेंदुआ, भालू, मगरमच्छ, चीतल और सांभर समेत कई वन्यजीवों के दीदार का अवसर मिलता है। कई बार पर्यटकों को बाघ के भी दीदार हो जाते हैं। वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने का रोमांच पर्यटकों को यहां आने के लिए आकर्षित करता है। झिलमिल झील के खुलने से वन्यजीव प्रेमियों और प्रकृति प्रेमियों को एक बार फिर इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।









