हरिद्वार

अंकिता भंडारी हत्याकांड में CBI की जांच तेज, पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ से 3-4 घंटे तक पूछताछ

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

(फिरोज अहमद) हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर शनिवार देर शाम सीबीआई की टीम ने भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ से हरिद्वार के शिवालिक गेस्ट हाउस में करीब तीन से चार घंटे तक लंबी पूछताछ की। जानकारी के मुताबिक, सीबीआई की टीम सुरेश राठौड़ को उनके आवास से पूछताछ के लिए गेस्ट हाउस लेकर पहुंची थी। पूछताछ के बाद सुरेश राठौड़ ने कहा कि वह जांच एजेंसी को पूरा सहयोग कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि सीबीआई ने उनसे जो भी सवाल पूछे, उनका उन्होंने सही-सही जवाब दिया है।

वहीं अभिनेत्री उर्मिला को लेकर पूछे गए सवाल पर सुरेश राठौड़ ने उन्हें जानने से इनकार कर दिया। आपको बता दें कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच सीबीआई कर रही है। इसी सिलसिले में सीबीआई की टीम हरिद्वार पहुंची और मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की। पूर्व विधायक से हुई इस लंबी पूछताछ के बाद मामले की जांच को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। हालांकि, पूछताछ में क्या-क्या सवाल किए गए और जांच में क्या तथ्य सामने आए, इसे लेकर सीबीआई की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

Related Articles

Back to top button