मुख्य स्नान पर्वों पर मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी की योजना पर हुई विस्तृत चर्चा
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत ने गुरुवार को हरिद्वार स्थित सीसीआर कार्यालय में उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में कुंभ मेले के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे यातायात योजना, स्टेशन प्लान और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य स्नान पर्वों पर मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन, यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने तथा रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ का दबाव बढ़ने की स्थिति में आसपास के रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव और यात्रियों के प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित होल्डिंग एरिया, रेलवे स्टेशन परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने तथा आसपास के स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने हरिद्वार से अपने गंतव्यों की ओर रवाना होने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी, यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और आपात परिस्थितियों में वैकल्पिक संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर रेलवे की कार्ययोजना एवं मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की समीक्षा की। पुलिस महानिरीक्षक डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते प्रभावी बनाया जाए। रेलवे, जीआरपी, आरपीएफ और मेला पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त उत्तर रेलवे मुरादाबाद ऋषि कुमार शुक्ला, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उत्तर रेलवे मुरादाबाद महेश यादव, एसपी रेलवे उत्तराखंड अरुणा भारती, अपर पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला राजेश भट्ट तथा पुलिस उपाधीक्षक जीआरपी उत्तराखंड अनुज कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कुंभ-2027 के दृष्टिगत रेलवे और पुलिस प्रशासन की यह समन्वय बैठक श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने की तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।









