कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और आपदा से निपटने की तैयारियों का लिया जायजा
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के मद्देनजर कुंभ मेला पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल ने गुरुवार को कुंभ मेला कोर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप, कांगड़ा द्वीप, अपर रोड, प्रशासनिक मार्ग होते हुए चंडी चौक तक पहुंचकर क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों का जायजा लिया। इस दौरान सामान्य दिनों और प्रमुख स्नान पर्वों पर आने वाले तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन, होल्डिंग एरिया और हरकी पैड़ी क्षेत्र से भीड़ की सुरक्षित एवं त्वरित निकासी के लिए तैयार की गई कार्ययोजना की समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों ने प्राकृतिक आपदाओं के साथ-साथ भगदड़, आगजनी, बम विस्फोट और आतंकवादी घटनाओं जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार की गई सुरक्षा योजनाओं का भी जायजा लिया। इन योजनाओं का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना है। स्थलीय निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्ययोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, भीड़ के दबाव वाले क्षेत्रों की पहचान तथा श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला राजेश भट्ट, अपर पुलिस अधीक्षक संचार विपिन कुमार, पुलिस उपाधीक्षक लाइन वेदप्रकाश भट्ट, पुलिस उपाधीक्षक यातायात कुंभ मेला हरिद्वार उमेश मलिक सहित कुंभ मेला पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। कुंभ मेला पुलिस का यह निरीक्षण आगामी कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराने की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।









