करवा चौथ पर इंतजार प्रधान का खास तोहफा, महिलाओं के चेहरे पर खिल उठीं खुशियां
चूड़ियां और कप-प्लेट भेंट कर जीता महिलाओं का दिल, इंतजार व मुजफ्फर प्रधान ने पेश की कौमी एकता और भाईचारे की मिसाल

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) हरिद्वार। करवा चौथ के पावन पर्व पर ग्राम पीरपुरा में आपसी प्रेम, सौहार्द और कौमी एकता की ऐसी तस्वीर देखने को मिली, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। सुराज सेवा दल के प्रदेश सचिव इंतजार प्रधान और उनके भाई मुजफ्फर प्रधान ने गांव की महिलाओं को उनकी पसंद की चूड़ियां और कप-प्लेट के सेट उपहार स्वरूप भेंट कर त्योहार की खुशियों को दोगुना कर दिया। दोनों भाइयों की इस पहल को ग्रामीणों ने सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की शानदार मिसाल बताया।
हर साल की तरह इस बार भी करवा चौथ के अवसर पर इंतजार प्रधान के आवास पर सुबह से ही महिलाओं और बच्चों की भीड़ जुटने लगी। महिलाओं को उनकी पसंद के उपहार देकर सम्मानित किया गया, वहीं बच्चों और ग्रामीणों के बीच भी त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे माहौल में अपनापन, खुशियां और आपसी प्रेम की झलक दिखाई दी।
इस अवसर पर इंतजार प्रधान ने कहा कि गांव की महिलाएं और बच्चे उनके अपने परिवार का हिस्सा हैं। उनका उद्देश्य केवल त्योहार पर उपहार देना नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सम्मान और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि गांव में सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर रहें और हर त्योहार की खुशियां एक-दूसरे के साथ साझा करें, यही हमारी असली पहचान है।
उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती आपसी सम्मान, एकता और सद्भाव में है। जब लोग एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होते हैं, तो रिश्ते और मजबूत होते हैं तथा गांव में सकारात्मक माहौल बनता है।
इंतजार प्रधान और मुजफ्फर प्रधान की इस पहल की ग्रामीणों ने जमकर सराहना की। लोगों ने कहा कि त्योहारों पर इस तरह खुशियां बांटना और महिलाओं का सम्मान करना समाज में आपसी सद्भाव को बढ़ावा देता है। पीरपुरा में करवा चौथ के अवसर पर की गई यह पहल इस संदेश के साथ सामने आई कि त्योहार किसी एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की खुशियों का नाम हैं।
पीरपुरा में करवा चौथ पर दोनों भाइयों की यह पहल महिलाओं के सम्मान, सामाजिक एकता और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल बनकर सामने आई।









