ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की कार्यप्रणाली से रूबरू होंगे मतदाता, गांवों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी विधानसभा निर्वाचन को लेकर हरिद्वार जनपद में मतदाता जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की कार्यप्रणाली और मतदान प्रक्रिया की जानकारी देना है। अभियान के तहत जागरूकता वाहन जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों के गांवों, कस्बों और शहरी इलाकों में पहुंचेंगे। इस दौरान आमजन को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के उपयोग, मतदान प्रक्रिया और इनके माध्यम से मतदान करने की पूरी जानकारी दी जाएगी। साथ ही मतदाताओं की शंकाओं एवं भ्रांतियों का समाधान भी किया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी चुनाव के लिए जरूरी है कि मतदाता मतदान प्रक्रिया को अच्छी तरह समझें और बिना किसी भय या संकोच के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जागरूकता अभियान को जनपद के प्रत्येक क्षेत्र तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की जानकारी प्राप्त कर आगामी विधानसभा निर्वाचन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।









