आज चालान नहीं, सिर्फ समझाएंगे: नियम तोड़े तो अगली बार नहीं मिलेगी राहत
रुड़की में यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को दी चेतावनी, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने की दी नसीहत
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को गुरुवार को रुड़की में यातायात पुलिस ने चालान के बजाय समझाइश देकर छोड़ दिया। पुलिस ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत देते कहा कि राहत केवल जागरूकता अभियान के तहत दी गई है, भविष्य में नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जिले भर में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रुड़की यातायात पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को आज चालान करने के बजाय समझाया गया और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की चेतावनी दी गई। पुलिस ने वाहन चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, कार में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क पर जिम्मेदारी से वाहन चलाने की अपील की। साथ ही बताया कि यातायात नियमों की अनदेखी न केवल वाहन चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जिंदगी को भी खतरे में डाल सकती है। यातायात पुलिस ने साफ किया कि आज दी गई राहत को नियम तोड़ने की छूट न समझें। आगे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान समेत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।









