अवैध पार्किंग पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 45 भारी वाहनों के चालान, ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में अवैध पार्किंग के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से भारी वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वाले 45 वाहनों के चालान किए गए। साथ ही संबंधित वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की गई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन चालकों को निर्धारित एवं अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की हिदायत दी गई। अधिकारियों का कहना है कि सिडकुल जैसे व्यस्त औद्योगिक क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। ऐसे में सड़क किनारे अवैध पार्किंग से न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। आमजन की सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल चालान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ ब्लैकलिस्ट करने जैसी कार्रवाई भी की जाएगी। इससे वाहन की फिटनेस सहित अन्य विभागीय सेवाएं नियमानुसार प्रभावित हो सकती हैं। विभाग ने ट्रांसपोर्टरों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे अपने वाहनों की पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।









