देहरादून

विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उत्तराखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल: 11 निरीक्षकों के तबादले, नरेश राठौर की हरिद्वार वापसी तो कुंदन सिंह राणा देहरादून भेजे गए

गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप ने जारी किए स्थानांतरण आदेश, कई जिलों में बदले निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र, एसएसपी और एसपी को तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच पुलिस महकमे में एक के बाद एक तबादलों का दौर तेज हो गया है। निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुपालन में गढ़वाल परिक्षेत्र के 11 निरीक्षकों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए गए हैं। गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप की ओर से जारी आदेश के बाद पुलिस विभाग में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।

इस फेरबदल में कई निरीक्षकों के जनपद बदल दिए गए हैं। सबसे अधिक चर्चा निरीक्षक नरेश राठौर की हरिद्वार वापसी और निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के हरिद्वार से देहरादून स्थानांतरण को लेकर हो रही है। वहीं, अन्य निरीक्षकों को भी अलग-अलग जनपदों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दरअसल, निर्वाचन आयोग और शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के तहत ऐसे पुलिस अधिकारियों को दूसरे जनपदों में स्थानांतरित किया जा रहा है, जो पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान जिस जिले में तैनात थे, वर्तमान में भी उसी जिले में नियुक्त हैं। चुनावी निष्पक्षता बनाए रखने और प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

गढ़वाल आईजी की ओर से जारी आदेश के अनुसार 11 निरीक्षकों के स्थानांतरण इस प्रकार किए गए हैं—

1. प्रदीप सिंह तोमर — उत्तरकाशी से हरिद्वार
2. दिनेश कुमार — उत्तरकाशी से हरिद्वार
3. अजय सिंह — उत्तरकाशी से देहरादून
4. विजय सिंह — पौड़ी से टिहरी
5. राकेश कुमार — रुद्रप्रयाग से देहरादून
6. नरेश राठौर — देहरादून से हरिद्वार
7. नरेंद्र गहलावत — देहरादून से टिहरी
8. रविंद्र शाह — देहरादून से टिहरी
9. कुंदन सिंह राणा — हरिद्वार से देहरादून
10. जहांगीर अली — हरिद्वार से उत्तरकाशी
11. चित्रगुप्त — चमोली से पौड़ी

स्थानांतरण आदेश में संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि स्थानांतरित निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त किया जाए। साथ ही आदेश के अनुपालन की आख्या भी उपलब्ध कराने को कहा गया है। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर उत्तराखंड में प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर तैयारियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। ऐसे में निरीक्षकों के इस फेरबदल को चुनाव से पहले पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि आने वाले दिनों में पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती में भी बदलाव होता है या नहीं।

Related Articles

Back to top button