जटवाड़ा पुल से कोतवाली को ओर होटल संचालकों की मनमानी, पार्किंग सड़कों पर, नालों पर अतिक्रमण और राहगीर जाम से परेशान
चर्चाएं तेज: कुछ संचालक ग्राहकों को प्लेट में सिल्वर पन्नी बिछाकर गर्म बिरयानी परोस रहे

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जटवाड़ा पुल से ज्वालापुर कोतवाली रोड होते हुए हरिद्वार की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर होटल और खानपान की दुकानों की भरमार है। लेकिन इन होटल संचालकों के पास ग्राहकों के वाहनों को खड़ा करने के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं है जिस कारण आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। होटलो की दुकानों पर आने वाले ग्राहकों की कारें एवं बाइकें सड़क किनारे खड़ी रहती हैं, जिससे मुख्य मार्ग पर लगातार जाम का दबाव बना रहता है। जटवाड़ा पुल से कोतवाली के सामने से गुजरने वाले इस प्रमुख मार्ग पर अक्सर यातायात बाधित होने की स्थिति बनी रहती है। सवाल यह है कि जब होटल संचालक अपने प्रतिष्ठानों पर ग्राहकों को बुला रहे हैं तो उनके वाहनों की पार्किंग की जिम्मेदारी कौन निभाएगा। क्या सार्वजनिक सड़कें होटल संचालकों और उनके ग्राहकों की निजी पार्किंग बनकर रह गई हैं। मामला केवल पार्किंग तक ही सीमित नहीं है। मुख्य मार्ग के बराबर में बने नाले भी अतिक्रमण की जद में आने की चर्चाएं भी खूब है। चर्चा है कि कुछ होटल संचालकों द्वारा नालों के ऊपर खाद्य सामग्री के स्टॉल लगाए जा रहे हैं। इससे न केवल अतिक्रमण की समस्या बढ़ रही है, बल्कि नालों की सफाई और जल निकासी भी प्रभावित होने की आशंका है। वहीं खानपान की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चर्चाएं उठ रही हैं। कुछ होटल संचालकों द्वारा बिरयानी ग्राहकों को स्टील प्लेट में पन्नी बिछाकर गर्म भोजन परोसे जाने की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। गर्म भोजन के संपर्क में आने वाली अनुपयुक्त प्लास्टिक पन्नी स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग को इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता और खाद्य परोसने के तरीके की जांच करनी चाहिए। अब सवाल यह है कि आखिर आम जनता की परेशानी और सड़क पर लगने वाले जाम का जिम्मेदार कौन है। क्या संबंधित विभागों को इन होटल संचालकों की पार्किंग व्यवस्था, सड़क पर किए जा रहे अतिक्रमण और खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी नहीं है। यदि जानकारी है तो अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई। चर्चाओं के अनुसार स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन, नगर निगम, यातायात पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग संयुक्त रूप से अभियान चलाकर पूरे मार्ग का निरीक्षण करें। जिन प्रतिष्ठानों के पास नियमानुसार पार्किंग व्यवस्था नहीं है, उनके विरुद्ध नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए। नालों और सार्वजनिक भूमि से अतिक्रमण हटाया जाए, क्योंकि धीरे-धीरे अतिक्रमण विकराल रूप ले लेता है। तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उन्हें परोसने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की भी जांच की जाए। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार विभाग इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच और कार्रवाई करते हैं या फिर आम जनता जाम, अतिक्रमण और स्वास्थ्य संबंधी आशंकाओं के बीच परेशान होती रहेगी।









