डॉ. मोहन भागवत ने शांतिकुंज अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी से की भेंट
रवि चौहान हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रवि चौहान) हरिद्वार। शांतिकुंज प्रवास के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शांतिकुंज पहुंचे और शांतिकुंज अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी से आत्मीय भेंट की। इस दौरान दोनों प्रमुखों के बीच विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा हुई। भेंट के दौरान आध्यात्मिक मूल्यों, समाज निर्माण और सांस्कृतिक चेतना से जुड़े विषयों पर आत्मीय संवाद हुआ। डॉ. भागवत ने शांतिकुंज स्थित सिद्ध अखंड दीप के दर्शन कर विश्व बंधुत्व और लोकमंगल की प्रार्थना की। इसके पश्चात उन्होंने युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की चरण पादुकाओं में भावांजलि अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर श्रद्धेया शैलदीदी ने डॉ. मोहन भागवत का मंगल तिलक कर स्वागत किया। उन्हें गायत्री महामंत्र अंकित उपवस्त्र, युग साहित्य और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या, शांतिकुंज महिला मंडल प्रमुख श्रीमती शैफाली पण्ड्या सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं परिजन उपस्थित रहे।









